रूपईडीह (गोंडा)। जनसेवा केंद्र के सहयोग से बलरामपुर समूह के मैजापुर चीनी मिल में बलरामपुर एप का शुभारंभ किया गया है। मैजापुर चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना एसके त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को चीनी मिल परिसर में क्षेत्र के जनसेवा केंद्र संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बलरामपुर समूह की दस चीनी मिलों के माध्यम से लगभग छह लाख गन्ना किसानों के परिवार से सीधे जुड़े गन्ने की खेती में बढ़ी लागत मूल्य को कम करने के लिए वैज्ञानिक विधि से खेती करके अधिकतम उपज प्राप्त करने के लिए बलरामपुर ऐप का शुभारंभ किया गया है।
इस ऐप को सुचारू रूप से चलाने के लिए चीनी मिल क्षेत्र के जनसेवा केंद्र के संचालकों का सहयोग लिया गया। कृषकों के मोबाइल पर बलरामपुर ऐप को लोड करने एवं उसके संचालन में सभी जन सेवा केंद्र के संचालकों ने सहयोग का आश्वासन दिया है। किसानों को इस ऐप के माध्यम से उसकी अपनी कृषि योग्य गन्ना, रकबा, सर्वे, सट्टा की जानकारी उसकी फसल को किसी प्रकार की कीट बीमारी से समस्या का समाधान मिल जाएगा। गन्ना, किसान की गन्ना पर्ची, किसान का भुगतान आदि की जानकारी किसान को अपने गन्ने में बुवाई से लेकर उसके उत्पादन में कितना खाद लगेगा, इसकी भी जानकारी गन्ना किसानों को इस एप से मिलती रहेगी।
ऐप में यदि किसी भी कीट बीमारी की समस्या है तो उसका फोटो खींचकर ऐप में लोड करने पर समस्या का समाधान गन्ना किसान को संबंधित चीनी मिल के माध्यम से किसान को उसी ऐप में मिल जाएगा। इस ऐप के सहयोग में कटरा बाजार, दुबहा बाजार, रामापुर, कौड़िया आर्य नगर, बालपुर, कर्नलगंज सहित विभिन्न संचालक सेवा केंद्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में रीजनल हेड दिनेश सिंह, अजीत सिंह, शैलेंद्र विक्रम सिंह, प्रदीप चौहान, अवनीश कुमार पांडे, अर्जुन सिंह सहित जन सेवा केंद्र के संचालक शिवम सिंह, विपिन कुमार, राहुल तिवारी सहित दो दर्जन से अधिक जनसेवा केन्द्र के संचालकों ने हिस्सा लिया।