फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: प्रवेशपत्र के साथ एक परिचय पत्र जरूर लेकर पहुंचें परीक्षार्थी

Sun, 23 Feb 2025 11:47 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जीआईसी समेत 149 केंद्रों पर सोमवार से माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। सभी केंद्रों पर दो पालियों में कुल 95,150 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। रविवार को देर शाम तक अधिकारियों की ओर से परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। परीक्षा सकुशल संपन्न कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
विज्ञापन

सोमवार सुबह 08:30 बजे से पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी, प्रारंभिक हिंदी और इंटरमीडिएट की सैन्य विज्ञान की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में अपराह्न दो बजे से इंटरमीडिएट की हिंदी, सामान्य हिंदी व हाईस्कूल की हेल्थकेयर की परीक्षा होगी। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी परीक्षार्थी अपने प्रवेशपत्र के साथ कोई एक परिचय पत्र जरूर रखें। जरूरत पड़ने पर कक्ष निरीक्षक के साथ ही अधिकारियों की ओर से परिचय पत्र की मांग की जा सकती है। इसके साथ ही किसी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, बोतल, घड़ी और मोबाइल लाने से बचें।
डीआईओएस ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 95,150 विद्यार्थियों को परीक्षा देनी है। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले केंद्र में प्रवेश शुरू किया जाएगा। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के साथ ही संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जोनल, सेक्टर, स्टेटिक व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और आंतरिक केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, सचल दल भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पुलिस-प्रशासन समेत सभी अधिकारियों को बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर डीएम नेहा शर्मा ने सक्रिय किया है। ट्रैफिक व्यवस्था के साथ ही पुलिस को भी सक्रिय रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। डीआईओएस कार्यालय, बोर्ड, निदेशालय व क्षेत्रीय कार्यालय से भी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी।
विज्ञापन

नदारद मिले स्कूल व सुरक्षाकर्मी
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी केंद्रों पर भौतिक व ऑनलाइन माध्यम से तैयारियों का जायजा लिया गया है। इटियाथोक के जयप्रभा ग्राम और कटरा बाजार व बालपुर क्षेत्र से निरीक्षण के दौरान विद्यालय के कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी नदारद मिले। ऐसे में संबंधित विद्यालयों को नोटिस देने के साथ ही कार्रवाई की संस्तुति की जा रही है। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक भी बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी में मनमानी कर रहे हैं। संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। बोर्ड परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर ली जानकारी
वजीरगंज के राजेंद्रनाथ लाहिड़ी स्मारक इंटर कॉलेज के साथ ही परसपुर और जमुनियाबाग स्थित परीक्षा केंद्रों पर रविवार को तमाम विद्यार्थियों ने पहुंचकर सीट प्लान देखा। घर से परीक्षा केंद्र की दूरी समेत समय से पूर्व पहुंचने के लिए तैयारियां की हैं। इसके अलावा सेक्टर, जोनल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट समेत अन्य ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। केंद्र व्यवस्थापकों से समन्वयक बैठक कर नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए रणनीति बनाई है।
विद्यार्थी परीक्षा देने से वंचित हुए तो होगी कार्रवाई
बोर्ड परीक्षा शुरू होने के आखिरी समय तक कई निजी विद्यालयों के बच्चों को प्रवेशपत्र नहीं मिल सका। कई विद्यार्थियों ने डीआईओएस से शिकायत की है। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को प्रवेशपत्र देने से मना नहीं किया जा सकता। अगर कोई भी विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देने से वंचित हुआ तो संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रधानाचार्य संवेदनशीलता के साथ बच्चों को परीक्षा में शामिल कराएं।

पांच बच्चों ने लिया श्रुतिलेखक
डीआईओएस ने बताया कि पांच बच्चों को श्रुतिलेखक उपलब्ध कराया गया है। ये सभी बच्चे शारीरिक रूप से अक्षम होने के बावजूद बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, प्रवेशपत्र की खामियों को विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर दुरुस्त कराया गया है।

खुद पर रखें भरोसा, सभी को शुभकामनाएं : डीएम
डीएम नेहा शर्मा ने बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं। छात्र-छात्राएं खुद पर भरोसा रखें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें