बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ सूबे के कैबिनेट मंत्री आजम खां द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी से भाजपाइयों में आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को भाजपाइयों ने जुलूस निकालकर आजम खां का पुतला फूंका तथा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जुलूस निकालकर आजम खां के विरोध में नारेबाजी की। अंबेडकर तिराहे पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह तथा पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि आजम खां बौखला गए हैं।
डॉ. अंबेडकर के खिलाफ आजम खां ने जो टिप्पणी की है उससे पूरे दलित समाज का अपमान हुआ है। इसके लिए आजम खां के खिलाफ कठोर कार्रवाई की होनी चाहिए। भाजपाइयों ने सदर तहसील में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर इंद्रभूषण वर्मा को सौंपा। इस दौरान अनूप गुप्ता, कैलाश नाथ शुक्ल, बृजेंद्र तिवारी, कृष्णकुमार, अखंड प्रताप सिंह सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे।