कलेक्ट्रेट गेट पर बुधवार को आंगनबाड़ी कर्मियों ने शासन से मिली साड़ी जलाकर प्रदर्शन किया। कर्मियों ने प्रदेश सरकार के नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपेक्षा का आरोप लगाया।
अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी कर्मियों ने एकजुट होकर अपनी ताकत झोंक दी है। तहसील व ब्लॉक मुख्यालयों पर भी प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर आंगनबाड़ी कर्मियों ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है।
कलेक्ट्रेट गेट पर चल रही अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल को संबोधित करते हुए महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही आंदोलन खत्म होगा। अखिलेश सरकार ने मांगों की अनदेखी कर आंगनबाड़ी कर्मियों के साथ धोखा किया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों व सहायिकाओं ने ग्राम प्रधानों के चंगुल से हौसला पोषण मिशन का संचालन हटाने व मानदेय बढ़ाने आदि मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। हरैया सतघरवा ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गावती, वंदना देवी, कमलेश शुक्ला, श्वेता सिंह, निर्मला देवी, निशा यादव, शकुंतला आदि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों व सहायिकाओं ने सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
उतरौला ब्लॉक में अनीसा बानो, मीता यादव, सरोजनी, सोनी, सुनीता आदि ने परियोजना कार्यालय पर ताला बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की। तुलसीपुर, रेहरा बाजार, हरैया सतघरवा, पचपेड़वा सहित जिले के सभी ब्लॉकों में आंगनबाड़ी कर्मियों ने अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल कर आंदोलन जारी रखा।