मनकापुर बस स्टॉप के पास अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर। - संवाद
गोंडा। शहर में अतिक्रमण पर मंगलवार को बुलडोजर चलाया गया। मनकापुर बस स्टॉप के समीप नगर पालिका की दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को ढहा दिया गया। पूरे दिन अभियान चलाकर 13 दुकानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
मनकापुर बस स्टॉप के पास नगर पालिका की दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों के सामने लोगों ने टिनशेड आदि लगाकर अतिक्रमण कर लिया था। कई लोगों ने दीवार तक बनवा ली थी। मामले की शिकायत पालिका के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से की गई थी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बुलडोजर के साथ नगर पालिका की टीम पहुंच गई। यह देखते ही अतिक्रमण करने वालों में अफरातफरी मच गई। एक-एक करके अतिक्रमण को ढहा दिया गया। डीएम प्रियंका निरंजन ने पहुंचकर जायजा लिया। दोबारा अतिक्रमण नहीं होने पाए इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा और ईओ विशाल कुमार को डीएम ने सख्त निर्देश दिए।
टैक्सी स्टैंड की दुरुस्त कराएं व्यवस्था : डीएम
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को शहर में कई स्थानों पर भ्रमण करके टैक्सी स्टैंड का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों के बैठने के साथ ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने पीएसी गेट के पास टैक्सी स्टैंड, झंझरी ब्लॉक, रेलवे ओवरब्रिज के पार, बहराइच रोड पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एआरटीओ आरसी भारतीय, सीओ सिटी आनंद राय व विशाल कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय की भूमि से हटवाया अतिक्रमण
उमरीबेगमगंज। ग्राम बरौली के बरजोर नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को सोमवार शाम हटा दिया गया। विद्यालय के नाम दर्ज भूमि पर नबी हसन ने अवैध रूप से मकान बनाकर कब्जा कर लिया था। तहसीलदार आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। राजस्व निरीक्षक अवधेश द्विवेदी ने नबी हसन को निर्देश दिया कि वह शीघ्र मलबा हटवाकर स्थान को पूरी तरह खाली करें। (संवाद)