मनकापुर (गोंडा)। ठंड का प्रभाव बढ़ने के साथ ही हृदय के मरीजों की मुश्किल बढ़ गई है। कम उम्र के लोगों की भी हार्ट अटैक से मौत के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। बहन की डोली उठने के पहले ही बृहस्पतिवार को युवक को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।
मनकापुर नगर पंचायत के पटेलनगर निवासी सोनू गिरि (38) अपने आवास पर ही ग्लास की दुकान चलाते थे। बृहस्पतिवार सुबह वह टहलने निकले थे। घर लौटते ही सोनू बेहोश होकर गिर गए। परिजन आनन-फानन उन्हें सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सोनू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सोनू की चचेरी बहन सुरभि गिरि की आगामी दो दिसंबर को शादी होनी है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उन पर ही थी। शादी की तैयारियों के बीच सोनू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सोनू के पिता सुदेश गिरी बदहवास हो गए। भाई रवि गिरि व बहन डॉ. वंदना समेत मृतक की दो बेटी व एक बेटा रो-रोकर बेहाल है।
मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. राकेश तिवारी ने बताया ठंड में हार्ट अटैक के मामले दोगुना हो जाते हैं। ठंड के कारण रक्त वाहिकाएं अस्थायी रूप से संकुचित हो जाती हैं। इससे दिल तक रक्त पहुंचाने के लिए ब्लड पंप को दोगुना मेहनत करनी पड़ती है। रक्तचाप बढ़ने से हार्ट अटैक की आशंका बढ़ जाती है। वहीं, मांसपेशियों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल पाता। जिससे ठंड में खून के थक्के बनने लगते हैं। इससे दिल के दौरे का जोखिम बढ़ जाता है।