जिला अस्पताल में कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन करते कोविड कर्मचारी।
- फोटो : GONDA
गोंडा। जिला अस्पताल स्थित कोविड अस्पताल में तैनात 65 कर्मचारियों को पिछले पांच माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे भड़के कर्मचारियों ने मंगलवार को कोरोना टीकाकरण का कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया।
जिससे करीब तीन घंटे तक टीकाकरण का कार्य प्रभावित रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ व सीएमएस ने अस्पताल पहुंच कर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझा बुझाकर जल्द मानदेय दिए जाने का आश्वासन दिया।
जिला अस्पताल में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 65 कर्मचारी तैनात हैं। जिनकी ड्यूटी अगल-अलग शिफ्ट में रहती है। कोरोना मरीजों की देख रेख व इलाज के साथ टीकाकरण की जिम्मेदारी भी इन्हीं के कंधों पर है। इन्होंने कोरोना संक्रमण काल मे अपनी जान जोखिम में डालकर इन्होंने कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा किया।
चिकित्सा विभाग के लापरवाही के चलते इन 65 कर्मचारियों को पिछले नवंबर माह से मानदेय नहीं दिया गया। कोविड अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताया कि पांच महीने से मानदेय न मिलने से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मानदेय की मांग किया गया। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने ध्यान नहीं दिया।