विश्नोहपुर/मुजेहना (गोंडा)। नवाबगंज के चौखड़िया में शिवबख्श सिंह (23) और धानेपुर के राजापुर रंजीतपुरवा में तिलकराम जायसवाल (20) का शव पेड़ से लटका मिला है। दोनों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।
चौखड़िया के डिहवा निवासी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार रात नौ बजे पुत्र शिवबख्श थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। गांव की एक महिला ने शिवबख्श का शव घर से कुछ दूरी पर आम के पेड़ में रस्सी के सहारे लटका देखकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में कोई वजह नहीं सामने आई है। छानबीन की जा रही है। शिवबख्श छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। उनकी मां मिथिलेश, पिता विजय बहादुर सिंह व भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धानेपुर के राजापुर रंजीतपुरवा निवासी अनंतराम ने बताया कि सोमवार शाम को पुत्र तिलकराम अचानक कहीं चले गए। तलाश करने पर भी कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को घर से पांच सौ मीटर दूर तालाब के किनारे पेड़ में रस्सी से बंधे फंदे पर तिलकराम का शव लटका मिला। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि तिलकराम चार भाइयों में छोटे थे। परिजनों से पूछताछ में कोई बात सामने नहीं आई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।