गोंडा। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले के इंटर कॉलेजों में तैयारियां मिशन मोड में शुरू कर दी गई हैं। इस बार जिले के 512 इंटर कॉलेजों के करीब 95 हजार छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों ने अब रिवीजन आधारित पढ़ाई पर विशेष जोर देना शुरू कर दिया है।
विद्यालयों में पाठ्यक्रम को समय से पूरा कराने के साथ ही अतिरिक्त कक्षाओं के संचालन की तैयारी की गई है। शीतकालीन अवकाश के दौरान ऑनलाइन तरीके से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण प्रश्नों, विगत वर्षों के प्रश्नपत्रों और परीक्षा पैटर्न के अनुसार तैयारी कराई जा रही है। शिक्षकों द्वारा कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे वे भी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर सकें। राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक ऋषि शुक्ल ने बताया कि रिवीजन व लेखन अभ्यास से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है। शीतकालीन अवकाश के बाद विद्यार्थियों के लिए मिशन मोड में अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। जिससे परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में और बेहतर हो सकेगा।
गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश द्विवेदी ने बताया कि छात्रों को तैयारी के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया है।