गोंडा। अन्नकूट और गोवर्धन पूजा पर्व पर जिले के सभी क्षेत्रों में सभी समाज के लोगों ने अपने अपने ढंग से मनाया। सर्वसमाज के अनुयायियों को अन्नकूट प्रसाद का भोग कराकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
नगर क्षेत्र के ठठेरी बाजार में श्री राधाकृष्ण मंदिर में अग्रवाल समाज के नगर मारवाड़ी संघ ने परम्परागत विशाल अन्नकूट भंडारे का आयोजन कर सभी धर्मों, जातियों और पंथ के लोगों को राजस्थानी व्यंजन कढ़ी, चावल, मूंग, बाजरा, पचमेली सब्जियां, कचौड़ी और पूड़ी का भोग कराया। संघ के वरिष्ठ सदस्य अंकुर गर्ग ने महत्व बताया।
कार्यक्रम में संघ के संरक्षक भरतलाल केडिया, हरगोविन्द अग्रवाल, बलराम केडिया, प्रेम गोयल, वरिष्ठ सदस्य अंकुर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, डब्बू अग्रवाल, उमेश बंसल, शरद खेतान, अशोक गोयल का सहयोग रहा। रानी बाजार में स्थित श्री रामजानकी धर्मशाला में श्री रामजानकी धर्मादा समिति ने दिव्य अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया।
बाबा नूरामल मंदिर व अन्य मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया। अन्नकूट के साथ सायंकाल मारवाड़ी परिवारों ने विधि विधान से अपने अपने आंगन में गोबर से गोवर्धन बाबा की संरचना कर उनकी दूब, मूंग, चावल, रोली, दीपक से पूजा कर चूर्मे का भोग लगाया और फेरी ली। तत्पश्चात बछड़े से बाबा को गहाने के बाद बछड़े की पूजा की और उसे प्रसाद खिलाया।