केंद्रीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने गौरा में आयोजित एक कार्यक्रम में जाते समय सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जताई। कहाकि योगी सरकार में अपना दल सहयोगी है लेकिन सरकार अपने गठबंधन धर्म का पालन नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिलों में डीएम व एसपी का पद प्रमुख होता है। सरकार को हर जिले में एक पद पर पिछड़े या अनुसूचित जाति और जनजाति के अधिकारी की तैनाती करनी चाहिए। इसके अलावा अपना दल के कार्यकर्ताओं के लिए उन्होंने निगमों, समितियों, आयोगों और बोर्डों में भी जगह मांगी। उन्होंने कहाकि सरकार ऐसा नहीं कर रही है। बावजूद इसके पार्टी पूरी मजबूती के साथ सरकार के साथ खड़ी है।
कूकनगर ग्रंट के पटेल नगर चौराहे पर सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करने आईं केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश सरकार को कई मुद्दों पर घेरा और कहाकि योगी सरकार को गठबंधन धर्म निभाना चाहिए। सरकारी अधिवक्ताओं के चयन में पार्टी के लोगों को महत्व दिए जाने की मांग की। उन्होंने साफ कहाकि उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में हर सीट से चुनाव लड़ने में सक्षम है और पार्टी के बड़ी संख्या में वोटर हैं।
फिलहाल गठबंधन के नेतृत्व को उन्होंने अपनी मांग सौंपी है और बुधवार तक का समय दिया है। जैसा निर्णय होगा, उसी के आधार पर पार्टी मंथन करके आगे का निर्णय लेगी। उन्होंने पुलवामा की घटना की निंदा की और शहीदों को नमन किया। लेकिन उससे जुडे़ सवालों को यह कहते हुए टाल दिया कि इस बारे में केंद्र सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहाकि यह देश के सम्मान से जुड़ा मामला है। इस मुद्दे पर पूरा देश एक साथ है।