जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में अतिथियों के साथ खिलाड़ी। स्रोत: विभाग
गोंडा। उतरौला रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय ओपन स्टेट सीनियर महिला फुटबाॅल प्रतियोगिता में रविवार को तीन मुकाबले कराए गए। इनमें बलिया, बाराबंकी व मिर्जापुर की टीमों ने जीत दर्ज की।
प्रतियोेगिता के दूसरे दिन मैच का उद्घाटन विश्व हिंदू महासंघ की प्रदेश महामंत्री रेखा श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उप क्रीड़ाधिकारी अशोक सोनकर ने बताया कि रविवार को प्रतियोगिता का पहला मैच बलिया व अलीगढ़ के बीच खेला गया। इसमें बलिया ने तीन गोल किए। अलीगढ़ की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। 3-0 से बलिया की टीम विजयी हुई।
दूसरा मैच महाराजगंज व बाराबंकी के मध्य खेला गया। बाराबंकी की टीम ने 1-0 से महाराजगंज की टीम को मात दी। तीसरा मैच देवीपाटन बनाम मिर्जापुर के बीच खेला गया। इसमें देवीपाटन की टीम कोई भी गोल नहीं कर पाई। मिर्जापुर की टीम ने 1-0 से मैच अपने नाम कर लिया। मैच के कमिश्नर अयूब शाह रहे। मनोज तिवारी, अशोक सिंह, विनय कुमार, मो. आकिब, मेहरुद्दीन, संजय सिंह, शालिनी, कविता पटेल, कल्पना कुमारी व रियाज अहमद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश पांडेय, डाॅ. राकेश श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।