मसकनवा/जयप्रभाग्राम। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में एमबीबीएस व विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं पहुंचे। आयुष चिकित्सकों के सहारे ही इलाज किया गया।
पीएचसी मसकनवा में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में एमबीबीएस, विशेषज्ञ चिकित्सक, महिला चिकित्सक नहीं पहुंचीं। दोपहर एक बजे तक आयुष चिकित्सक डाॅ. डीसी वर्मा ने 43 मरीजों का उपचार किया। मेले में जुकाम, पेट दर्द, बुखार, शुगर बीपी आदि के मरीज आए। सीएचओ नीतू पांडेय ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। वार्ड बॉय अनूप कुमार ने मरीजों का पंजीकरण, एलटी विजय प्रताप ने ब्लड जांच व फार्मासिस्ट रमेश यादव ने दवाओं का वितरण किया।
इटियाथोक ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदाशिव में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीजों की संख्या अधिक रही। इनमें बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम तथा आंखों से संबंधित संक्रमण की शिकायतें प्रमुख रहीं। शिविर के दौरान 23 मरीजों की स्वास्थ्य जांच करके दवाएं वितरित की गईं। शिविर में इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुरेश प्रजापति एवं फार्मासिस्ट अनिल मिश्र अपनी टीम के साथ तैनात रहे। चिकित्सकों ने इलाज के साथ परामर्श दिया।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
मंगुरा बाजार पीएचसी में मिले दो अजगर
पसका। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंगुरा बाजार में रविवार को जन आरोग्य मेले में उस समय अफरातफरी मच गई जब डॉ. रवींद्रनाथ ने परिसर में एक साथ दो अजगर देखे। उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वनरक्षक दूधनाथ, राकेश दूबे, सिराज, रामनरायन व देवप्रकाश ने पहुंचकर एक अजगर को पकड़ लिया। दूसरा अजगर रेंगकर कहीं चला गया। डिप्टी रेंजर रामचंद्र सिंह ने बताया कि एक अजगर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। (संवाद)