बालपुर। करनैलगंज के रेरुवा गांव में मंगलवार दोपहर जनसेवा केंद्र संचालक से गाली-गलौज करने और विरोध पर चाकू से हमले के प्रयास का मामला सामने आया है। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू बरामद किया है।
रेरुवा गांव निवासी सत्येंद्र शुक्ल हाईवे किनारे जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उनके मुताबिक, मंगलवार दोपहर दो बजे वह दुकान में बैठे थे। इसी दौरान गुरुपुरवा गांव निवासी अभिषेक वहां पहुंचा। साइकिल खड़ी करने के बाद वह गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला करने का प्रयास किया। बालपुर चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से चाकू बरामद हुआ है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कोतवाल को निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)