खोड़ारे (गोंडा)। ससुराल वालों से परेशान होकर गौरा चौकी बाजार में किराये के मकान में रह रही विवाहिता ने शौहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि केशवनगर ग्रंट निवासी शौहर साबिर अली ने बीते 22 दिसंबर को गौरा चौराहे पर खर्च देने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने पर चार साल के मासूम बेटे को छीनकर ले जाने की कोशिश की। विरोध पर तीन बार तलाक बोलकर चला गया। एसपी से शिकायत के 47 दिन बाद मामले में शौहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़िता ने बताया कि वह गौरा चौकी बाजार में मासूम बेटे के साथ किराये के मकान रह रही है। लोगों के घरों में काम करके जीविकोपार्जन कर रही है। गत 22 दिसंबर 2024 को शौहर साबिर अली ने खर्च देने के बहाने बुलाकर बच्चे को छीनकर ले जाने की कोशिश की। पीड़िता ने विरोध जताया तो साबिर ने लात-घूसों से जमकर पीटा और तीन बार तलाक बोलकर चला गया। शिकायत के बावजूद खोड़ारे पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने बताया कि शौहर दूसरी शादी करके बेटे को लेकर दुबई जाना चाहता है। पूर्व में भी ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर वह खोड़ारे थाने में रिपोर्ट दर्ज करा चुकी है। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि मामले में एसपी के निर्देश पर साबिर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। (संवाद)