यूपी के गोंडा में रविवार रात कार सवार कुछ युवक तमंचे लहराते हुए प्रधान के घर में घुस आए। आरोपियों ने प्रधान के बेटे की पिटाई शुरू कर दी। वह जान बचाकर घर से निकला और दरवाजा बाहर से बंद करके शोर मचाने लगा। ग्रामीणों की मदद से ऋषिकेश, आदर्श समेत तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अन्य आरोपी भाग निकले।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट गांव की है। यहां के रहने वाले राजकुमार यादव उर्फ रज्जू ग्राम प्रधान हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील पोस्ट करने को लेकर बेटे शानू ने पुलिस से शिकायत की थी। इससे नाराज गांव के ही आदर्श कोहली, आदेश कोहली, शिवा, ऋषिकेश कोहली, उसके दो रिश्तेदार और दो अज्ञात लोग रविवार रात कार से उनके घर आ धमके। ये लोग तमंचे लहराते हुए घर में घुसकर बेटे शानू को पीटने लगे।
इस पर शानू जान बचाकर भागा और दरवाजा बाहर से बंद करके शोर मचाने लगा। ग्रामीणों की मदद से ऋषिकेश समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 की पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से तमंचा बरामद हुआ। कार भी कब्जे में ली गई है। प्रधान का कहना है कि शिवा व अन्य आरोपी मौके से भाग निकले।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि आदर्श कोहली, आदेश कोहली, शिवा, ऋषिकेश कोहली, उसके दो रिश्तेदार और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन की जा रही है।