गोंडा। मनकापुर का सिसवा गांव अब शैक्षिक क्षेत्र में अव्वल होता दिख रहा है। अभी बीते साल यहां समाज कल्याण विभाग ने राजकीय आश्रम पद्वति स्कूल की नींव रखी थी। करीब 25 करोड़ की लागत से स्कूल का निर्माण भी हो रहा है। इस साल ही स्कूल में पढ़ाई भी शुरू होने जा रही है। इसी के साथ इस साल श्रम विभाग ने जिले के श्रमिकों और अनाथ बच्चों के लिए अटल आवासीय स्कूल के निर्माण की सौगात दी है। अब 71 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से स्कूल का निर्माण होगा।
जिले में गरीब बच्चों को आवासीय शिक्षा की सुविधा देने के लिए श्रम विभाग की पहल काफी कारगर होगी। सिसवा गांव में पहले समाज कल्याण विभाग की ओर से राजकीय आश्रम पद्वति स्कूल की स्थापना के लिए निर्माण हो रहा है। इसमें करीब 300 बच्चों को आवासीय सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही अब अटल आवासीय स्कूल के स्थापना की हरी झंडी शासन ने दी है।
यहां श्रम विभाग से संचालित आवासीय स्कूल का निर्माण होगा। सिसवा में करीब पांच एकड़ से अधिक भूमि में बनने वाले स्कूल के लिए 71 करोड 40 लाख रुपये बजट की मंजूरी हो चुकी है। इसमें जिले के श्रमिकों के बच्चों को आवासीय शिक्षा की व्यवस्था मिलेगी। बताया जा रहा है कि स्कूल के निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। यहां भी 300 से अधिक बच्चों को पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।