प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरविंद कुमार शुक्रवार को दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचे। तीन अस्पतालों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से उन्होंने हालचाल जाना। अस्पतालों के मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ को मरीजों के बेहतर इलाज का निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार की बैठक में सभी विभागों के कार्यक्रमों व योजनाओं और कार्यदाई संस्थाओं से निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने मानक व गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित अवधि के अंदर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
शुक्रवार को प्रमुख सचिव ने संयुक्त जिला अस्पताल में एक्स-रे मशीन, डिजिटल एक्स-रे, ब्लड बैंक, दवा वितरण केंद्र, दवा स्टोर, संचार व ओपीडी में मौजूद चिकित्सकों से दवा की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
सीएमओ डॉ. आशुतोष गुप्ता ने जिले में डॉक्टरों की भारी कमी बताई। प्रमुख सचिव ने सीएमओ को स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर सरकारी कार्यक्रमों के बेहतर संचालन का निर्देश दिया।
संविदा कर्मियों की शिकायत पर बकाया मानदेय का भुगतान कराने का आश्वासन दिया। जिला महिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने एंबुलेंस सेवाओं, जननी सुरक्षा योजना, दवा, भोजन, आशा, एएनएम के कार्यों आदि की गहन जानकारी ली।
बंद पड़े 10 बेड के वार्ड को तत्काल शुरू कराने का निर्देश दिया। जिला पुरुष अस्पताल में निरीक्षण के दौरान रोगी कल्याण समिति के माध्यम से पोषण पुनर्वास केंद्र के मरीजों के साथ तीमारदारों को भोजन की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम प्रीति शुक्ला, एडीएम शिवपूजन, डॉ. जयंत कुमार व डॉ. एके सिंहल आदि मौजूद रहे।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान जिला स्तरीय अफसरों की जमकर क्लास ली। कार्यदाई संस्थाओं को मानक व गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित अवधि के अंदर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
आवासीय भवन निर्माण, सीएमओ कार्यालय के निर्माण, लोहिया आवास योजना व सड़कों के निर्माण सहित सभी विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की।
कलेक्ट्रेट की बैठक में एसपी सुधीर सिंह, प्रभारी सीडीओ, पीडी वीरेन्द्र कुमार यादव, डीपीओ वीरेन्द्र कुमार तिवारी, डीडीओ शिवकुमार सिंह, डीसी मनरेगा शेषमणि सिंह व प्रभारी डीपीआरओ पवन कुमार श्रीवास्तव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।