परसपुर/पसका/गोंडा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जारी हुई अनंतिम वोटरलिस्ट में कहीं पूर्व प्रधान तो कहीं कोटेदार व दावेदारों का नाम गायब है। मगर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
शनिवार को सदर तहसील पहुंचे विजय कुमार दूबे ने बताया कि प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहे थे। उनकी पत्नी सुमन, मां श्यामजी और भाई अमरनाथ दूबे का वोटरलिस्ट से नाम काट दिया गया। दावा किया कि महिला आरक्षण की संभावना होने के चलते साजिश किया गया। परसपुर के बेलमत्थर ग्राम प्रधान पदुम नारायण मिश्र ने दावा किया कि पात्र मतदाताओं का नाम नहीं बढ़ सका है। इस मामले में प्रधान की ओर से एसडीएम नेहा मिश्रा से शिकायत दर्ज की गई है। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि जिन मतदाताओं की नाम में कोई त्रुटि, कट गया या फिर नाम जोड़ा जाना है तो फॉर्म भरकर जमा कर दें। अगर गड़बड़ी की गई है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
कोटेदार व पूर्व प्रधान का ही कट गया नाम
मछली बाजार/टिकरी। मनकापुर के बल्लीपुर निवासी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि वह कोटेदार हैं। उनका नाम पंचायत चुनाव की अनंतिम सूची से गायब कर दिया गया। बीएलओ कमलाकांत श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने तहसील में जमा किया। इसके बाद उन्हें जानकारी नहीं है। खड़ौवा गांव निवासी पूर्व प्रधान दिनेश यादव ने दावा कि पंचायत चुनाव की अनंतिम सूची से परिवार का नाम कट गया है। आरोप लगाया कि विरोधियों ने उनका नाम कटवा दिया। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि दावे व आपत्तियां लिए जा रहे हैं। अगर गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी।