गोंडा। नवाबगंज के एक विद्यालय से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय की शिक्षिका से छोड़छाड़, रात में बार-बार कॉल करने, व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने और बदनाम करने समेत अन्य आरोपों में एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।
पीड़िता ने अयोध्या में आरोपी सहायक अध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। विभागीय जांच के लिए बीएसए स्तर से दो सदस्यीय टीम गठित की गई है।
पीड़िता शिक्षिका आरोपी शिक्षक प्रभात पांडेय नवाबगंज के एक कंपोजिट विद्यालय में कार्यरत थी। पीड़िता ने अधिकारियों को बताया कि आरोपी शिक्षक ने उसके साथ छेड़छाड़ की।
विरोध पर रात में कॉल करने लगा। पीड़िता ने उसे ब्लॉक कर दिया तो आपत्तिजनक मैसेज भेजे। पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो उसे सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी देने लगा।
इसके बाद परेशान पीड़ित शिक्षिका ने नगर कोतवाली अयोध्या पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद बीएसए प्रेमचंद यादव को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।
बीएसए ने बताया कि जांच के लिए खंडशिक्षा अधिकारी कटरा बाजार सीमा पांडेय और छपिया से अंजनी कुमार सिंह को नामित किया गया है। आरोपी शिक्षक को निलंबित करने के साथ ही नौ बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की गई है।