52 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ मुख्यमंत्री रोजगार मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला खानापूर्ति तक सीमित रह जा रहा है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सक न होकर फार्मासिस्ट व पैरामेडिकल स्टॉफ मरीजों का इलाज कर घर भेज देते हैं।
रविवार को तरबगंज सीएचसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बौरिहा में डॉ. निगार नदारद रही। यहां डाॅ. ओमप्रकाश भारती, फार्मासिस्ट राकेश शुक्ल, स्टॉफ नर्स संयोगिता सिंह, बार्ड ब्वाय प्रेमनारान सिंह ने मरीजों का उपचार किया। सीएचसी अधीक्षक नवनीत गौरव सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की मेले में ड्यूटी रहती है, लेकिन वह कभी नहीं आती। पीएचसी के चिकित्सक ही इलाज की खानापूर्ति करते हैं। जबकि जिले से विशेषज्ञ चिकित्सक आकर उपचार करें तो मरीजों को राहत मिले।
हलधरमऊ सीएचसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहवा परसौरा में आरोग्य मेला में विभिन्न रोगों के 54 मरीजों का उपचार कर दवा का वितरण किया गया। आरोग्य मेला में डॉ. अरकान खान ने मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया। फार्मासिस्ट मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मेले में सबसे ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, खांसी, जुकाम व त्वचा के मरीज रहे।