गोरक्षपीठ के महंत एवं भाजपा सांसद आदित्यानाथ ने साध्वी प्रज्ञा ठाकु र को क्लीनचिट देने के मामले में कहा कि समझौता एक्सप्रेस व मालेगांव धमाके में सरकार को हिन्दू संगठनों व सेना से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने यह बातें रविवार को शहर के पटेल नगर स्थित मॉर्डन पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के मौके पर कहीं। सांसद ने बताया कि साध्वी प्रज्ञा व लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित का धमाके में हाथ नहीं था।
सेना के अधिकारी के घर आरडीएक्स रखवाया गया था, सेना की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। इसके लिए देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के सवाल पर आदित्यनाथ ने कहा कि रामभक्तों की निष्ठा पर शक न करें, ढांचा घ्वंस पर हाईकोर्ट का फैसला आने वाला था, उससे पहले हिन्दू व मुस्लिम पक्ष बातचीत से मामले का हल निकालने पर राजी हुए।
मगर अदालत का फैसला आने के बाद मुस्लिम पक्ष मुकर गया और उच्चतम न्यायालय जाने की बात करने लगा। ढांचा घ्वंस पर सरकार ने उच्चतम न्यायालय में शपथ पत्र दाखिल कर रखा है।
सूबे की सरकार के एक मंत्री की ‘भाजपा डकैतों व लुटेरों की पार्टी है’ की टिप्पणी पर जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया तो उन्होंने कहा कि सपा का गुंडाराज व बसपा का भ्रष्टाचार सूबे की जनता को मालूम है।
इसके बाद सांसद ने फीता काटकर मॉर्डन पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। स्कूल के बच्चों ने गीत प्रस्तुत कर योगी का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह, पूर्व विधायक तुलसीदार रायचंदानी, जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, डा. एसबी सिंह, महेश नरायन तिवारी, केके श्रीवास्तव मौजूद रहे।