गोंडा। पीसीएफ के खाद बिक्री के 2.90 लाख रुपये के गबन के मामले में सत्र न्यायाधीश दुर्ग नरायन सिंह ने 65 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी पीपी सिंह की दूसरी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है। अभियोजन के अनुसार, आरोपी पीपी सिंह वर्ष 2001 में उमरी बेगमगंज के अहमदी स्थित पीसीएफ केंद्र पर सहायक के पद पर तैनात था। केंद्र प्रभारी रघुवर शरण तिवारी के साथ मिलकर उसने किसानों को 13,73,419.80 रुपये की खाद बेची थी। इसमें से 10,82,478 रुपये ही पीसीएफ में जमा किए गए और शेष 2,90,941.80 रुपये का गबन कर लिया गया। मामले में दोनों के खिलाफ वर्ष 2001 में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया गया था। पुलिस ने वर्ष 2005 में आरोपी के खिलाफ फरारी में आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके बाद गैरजमानती वारंट और धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई भी हुई। अदालत ने रिकॉर्ड और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अग्रिम जमानत के लिए पर्याप्त आधार नहीं पाया।
गांजा बरामदगी में आरोपी को जेल में बिताई अवधि की सजा
गोंडा। गांजा बरामदगी के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीसी नवीन विकास ने दोषी अनिल वर्मा को जेल में बिताई गई अवधि के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही चार हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अर्थदंड न जमा करने पर उसे एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार, 11 सितंबर 2019 को पुलिस ने पृथ्वीनाथ मंदिर के पास वनघुसरा मोड़ पर अनिल वर्मा को 1.350 किलो गांजा के साथ मोटरसाइकिल समेत पकड़ा था। -संवाद
दहेज हत्या के मामले में सास की जमानत अर्जी खारिज
गोंडा। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में सत्र न्यायाधीश दुर्ग नरायन सिंह ने आरोपी सास राजपता की जमानत अर्जी खारिज कर दी। करनैलगंज की ननका उर्फ पिंकी की शादी वर्ष 2022 में बाबादीन से हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष 50 हजार रुपये और बाइक की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। छह मार्च 2026 को विवाहिता की ससुराल में मौत हो गई थी।- संवाद