पसका (गोंडा)। यदि सच्चे मन, कड़ी मेहनत और लगन से कोई काम किया जाए तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता। ऐसा कुछ कर दिखाया परसपुर ब्लॉक के खरगूपुर की रहने वाली विभा श्रीवास्तव ने। विपरीत परिस्थितियों का सामना कर अपना कारोबार शुरू किया और 25 महिलाओं के रोजगार का जरिया बन गईं।
गणेश प्रेरणा महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष विभा श्रीवास्तव ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। साल 2019 में उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर 12 महिलाओं के साथ समूह बनाया। समूह की महिलाओं ने नूडल्स बनाकर बेचना शुरू किया। वर्ष 2023 में तत्कालीन जिलाधिकारी नेहा शर्मा की पहल पर विकास भवन सभागार में महिलाओं के लिए अरगा स्टोर व शक्ति कैफे आरक्षित किया गया था। जहां पर आठ नवंबर 2023 को प्रेरणा महिला स्वयं सहायता समूह को अरगा स्टोर व शक्ति कैफे (प्रेरणा कैंटीन) आवंटित किया गया।
विभा ने बताया कि अरगा स्टोर में जिले के सभी ब्लॉकों के स्वयं सहायतों समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित प्रोडक्ट मिलते हैं। यहां मोरिंगा पाउडर, एलोवेरा जूस, मंजन, कब्ज चूर्ण, अचार, पापड़, खटाई आदि उत्पादों की बिक्री होती है। कैंटीन में अप्पे, सैंडविच, विभिन्न प्रकार के पराठे, भोजन की थाली, चाय, काॅफी आदि उपलब्ध है। गर्मियों में छाछ की खूब मांग रहती है। अरगा स्टोर व कैंटीन से लगभग 20 से 25 लाख रुपये की वार्षिक बिक्री हो जाती है। डेढ़ लाख रुपये तक नूडल्स की बिक्री हो जाती है।