परसपुर(गोंडा)। पुलिस ने सोमवार को भौरीगंज तिराहे के पास मवेशियों से भरी एक पिकअप पकड़ी। इसमें छह प्रतिबंधित मवेशी पाए गए। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो लोग फरार हो गए। मामले में थाना परसपुर में चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ गोहत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम व मोटर वाहन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक परसपुर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शाहपुर चौकी प्रभारी लाल साहब सिंह हमराही हेड कांस्टेबिल रवींद्र नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल अनिल यादव व कांस्टेबल चंदन यादव के साथ सोमवार भोर तीन बजे क्षेत्र में वांछित अपराधी की तलाश में निकले थे। भौरीगंज तिराहे के पास एक पिकअप आती दिखाई पड़ी, जिसे रोका गया तो दो लोग कूदकर भाग निकले।
बताया कि चालक समेत पिकअप को पकड़ लिया गया, जिसमें छह प्रतिबंधित मवेशी पाए गए। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रामू कश्यप निवासी रुदौली, गंजन पुरवा बताया। जबकि फरार हुए अपने दो साथियों का नाम हरीराम व रामचंदर निवासी रुदौली थाना परसपुर बताया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी चालक रामू कश्यप, हरीराम व रामचंदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मवेशियों को दो चौकीदारों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।