इटियाथोक। झोलाछाप पर इलाज में लापरवाही से डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत का आरोप लगा है। मृतक के चाचा कर्ताराम ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को बुखार से पीड़ित भतीजे अमित को गोंडा ले जाते समय सरयू नहर के पास निजी क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप ने रोक लिया। इलाज करने का भरोसा देकर बच्चे को क्लीनिक ले गया। शाम करीब सात बजे हालत बिगड़ने पर उसे गोंडा ले जाने को कहा, लेकिन रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। कर्ताराम का आरोप है कि शिकायत करने पर झोलाछाप और उसके बेटे ने गाली-गलौज की। बेटे ने असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील पासवान ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़े में संक्रमण को मौत का कारण बताया गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।