गोंडा। हापुड़ में वकीलों पर लाठीचार्ज के विरोध में कचहरी में वकीलों की कलमबंद हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। उन्होंने सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया और दीवानी न्यायालय के गेट पर धरना व सभा कर प्रदेश सरकार का पुतला जलाया।
संयुक्त बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने कचहरी में जुलूस निकाल कर दीवानी न्यायालय के गेट नंबर दो व तीन पर जोरदार प्रदर्शन किया और धरना देकर सभा की। दोनों गेट बंद होने के कारण तीन घंटे तक वादकारी अंदर नहीं घुस सके। इस दौरान वकीलों ने प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। इस मौके पर महराज कुमार श्रीवास्तव, उपेंद्र मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी, सुरेंद्र मिश्र सूर्य, इंद्रमणि शुक्ल, मनोज सिंह, जगन्नाथ प्रसाद शुक्ला, माधवराज मिश्र, विनय मिश्रा, इंद्रमणि शुक्ल, नवनीत मिश्र आदि सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे।
सपा नेता ने वकीलों को दिया समर्थन
गोंडा। वरिष्ठ सपा नेता व अधिवक्ता सूरज सिंह ने कचहरी में धरना प्रदर्शन कर रहे वकीलों के मंच पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने हापुड़ के दोषियों पर कार्रवाई और प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने व ग्राम न्यायालय अधिनियम में संशोधन की मांग की। सूरज ने जिले में विश्वविद्यालय बनने के लिए चल रहे आंदोलन के लिए वकीलों से समर्थन मांगा। मंच पर मौजूद महराज कुमार श्रीवास्तव व उपेंद्र कुमार मिश्र समेत अन्य अधिवक्ताओं ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। संवाद
संघर्ष में साथ देंगे कांग्रेसी
गोंडा। हापुड़ में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज प्रकरण को लेकर आंदोलित वकीलों को कांग्रेस पार्टी का भी समर्थन मिल गया है। बृहस्पतिवार को कांगेस जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्र की अगुआई में विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुभाष पांडेय और जिला प्रवक्ता शिव कुमार दूबे ने दोनों बार अध्यक्ष से मिलकर आंदोलन को समर्थन का पत्र देते हुए वकीलों के संघर्ष में कदम से कदम मिलाकर चलने का आश्वासन दिया। संवाद