गोंडा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण परिषद (आईटीआई) में प्रवेश के लिए अभ्यार्थियों की मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई। दो से आठ जुलाई तक प्रवेश का मौका दिया गया। बुधवार को पहले दिन राजकीय आईटीआई गोंडा में अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया।
प्रधानाचार्य राम सिंह ने बताया कि परिषद की ओर से अभ्यर्थियों को फोन पर मेसेज दिया जा रहा है। उन्हें सीटें आवंटित की गईं हैं। ऐसे में निर्धारित समय सीमा के भीतर अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों की सूची संस्थान के सूचना पट पर भी चस्पा कर दिया गया है। करनैलगंज आईटीआई प्रधानाचार्य प्रभुनाथ मिश्र ने बताया कि प्रवेश के लिए आईटीआई में अलग से काउंटर बनाए गए हैं। निर्धारित काउंटर पर पहुंचकर छात्र प्रवेश ले सकते हैं।
सेवानिवृत्ति के बाद पढ़ाने के लिए करें आवेदन
माध्यमिक शिक्षा सेवा बोर्ड की ओर से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में चयन न होने तक सेवानिवृत्त सहायक अध्यापक व प्रवक्ता पढ़ाने के लिए आवेदन कर सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों से 10 जुलाई तक आवेदन मांगा गया है। सहायक अध्यापकों को 15 हजार रुपये व प्रवक्ता को 20 हजार रुपये मानदेय का भुगतान किया जाएगा। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि पंजीकृत डाक के माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। एक जुलाई से शैक्षणिक सत्र समाप्ति तक कार्यकाल माना जाएगा। शिक्षकों की आयु 70 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।