फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: नशेड़ी ने छह साल की बेटी को पटका, मौत

Fri, 25 Sep 2026 12:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
करनैलगंज सीएचसी में जानकारी लेते एएसपी व सीओ। संवाद
विज्ञापन
करनैलगंज। कोतवाली क्षेत्र के हटही गांव में बृहस्पतिवार रात करीब पौने नौ बजे शराब के नशे में एक युवक ने छह वर्षीय मासूम बेटी को पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने बच्ची को तत्काल सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन

हटही गांव निवासी रामदेवी ने बताया कि उनका बेटा प्रमोद गौतम बृहस्पतिवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और पत्नी, बच्चों तथा माता-पिता के साथ मारपीट करने लगा। उसके उग्र व्यवहार से परिवार में अफरातफरी मच गई। पति के डर से पत्नी किसी तरह घर से निकलकर छिप गई। इसी दौरान प्रमोद ने छह वर्षीय बेटी महक को पहले डंडे से मारा, फिर पटक दिया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों से सूचना मिलते ही यूपी 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घर में महक को गंभीर हालत में पाया। पुलिसकर्मी एंबुलेंस का इंतजार किए बिना बच्ची को सरकारी वाहन से सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

अस्पताल पहुंचते ही बिलख पड़े परिजन
बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। महक का शव देखते ही परिजन बिलख पड़े। अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर सीओ करनैलगंज आनंद कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय भी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक शराब के नशे में परिजनों के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान बच्ची के गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें