गोंडा। गोंडा के मोहम्मद फैजान के छांगुर से संपर्क की बात शनिवार को सामने आई है। गाजियाबाद में रहने वाली बहराइच की एक युवती ने फैजान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि फैजान के परिजनों ने छांगुर से किसी भी तरह का संपर्क होने से इन्कार किया है। वैसे सुरक्षा एजेंसियां मामले में नजर रखने की बात कह रही हैं।
बहराइच की एक युवती ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 में गोंडा के मोहम्मद फैजान ने अक्षय बनकर फेसबुक के जरिए से उससे दोस्ती की। बाद में झांसा देकर वर्ष 2016 में वह उसे गाजियाबाद ले गया। इसके बाद वह गोंडा लेकर गया था। कुछ दिनों बाद फैजान उसे एक मस्जिद या मदरसे में ले गया। अब तस्वीरें देखकर यह पता चल रहा है फैजान जिस जगह लेकर गया था, वह छांगुर का घर था। वहां पर उसे इस्लामिक किताबें पढ़ने के लिए दी गई थीं। उन किताबों को पढ़ने के लिए दबाव बनाया गया। इस मामले में वर्ष 2024 में गाजियाबाद में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इस आरोप के बाद अब गोंडा निवासी मोहम्मद फैजान के पिता हसीब असगर ने बताया कि गाजियाबाद की कोर्ट में मुकदमे का ट्रायल चल रहा है। हसीब का कहना है कि मामला झूठा है, उसमें कोई सच्चाई नहीं है। छांगुर से हम लोगों का कोई संपर्क नहीं है। हालांकि यह मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।