गोंडा। अयोध्या हाईवे पर बनघुसरा गांव के पास बुधवार की सुबह प्रयागराज से श्रद्धालु को लेकर लौट रही बस की ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 22 श्रद्धालु घायल हो गए। एक अन्य हादसा बेलसर से परसपुर मार्ग पर सिसई के पास हुआ। जहां नाले में अनियंत्रित होकर एक डीसीएम पलट गई।
बुधवार को अयोध्या हाईवे पर वजीरगंज के बनघुसरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकरा गई। प्राइवेट बस में सवार 22 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल लोगों का इलाज हो रहा है। बस में सवार श्रद्धालु प्रयागराज से स्नान करके लौट रहे थे। घायलों में खरगूपुर, कौंडिया और कटरा इलाके के अधिकतर लोग शामिल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर पुलिस जांच में जुटी है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के बनघुसरा के पास सुबह करीब आठ बजे हादसे से लोग सहम गए। प्रयागराज से बस लौट रहे लोग घर जा रहे थे। लोगों ने पहुंच कर बस में फंसे लोगों को निकाला। टक्कर से बस ट्रक में घुस गई थी। जेसीबी से खींच कर निकाला गया। वाहनों से घायलों को निकाला गया। सीओ तरबगंज संसार सिंह राठी ने बताया कि 22 लोग घायल हुए हैं। जबकि 18 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं चार लोगों का प्राथमिक उपचार हुआ है।
जिला अस्पताल में घायलों को कराया भर्ती
अयोध्या हाईवे मार्ग पर हुए हादसे में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनके परिजन भी जुटे रहे। हादसे के घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। एक वृद्ध की हालत गंभीर होने से लखनऊ रेफर किया गया। बस में सवार घायलों में कौड़िया थाना क्षेत्र के गड़रियन पुरवा के अरविंद मौर्या (19) पुत्र राम बरन मौर्या, माधव राज (28) पुत्र शेष दत्त, छेदी राम (65) पुत्र संत राम, राम गोपाल आठ पुत्र माधव राज, कौड़िया थाना क्षेत्र के पकड़ी मरुडीह गांव के निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा (30) पुत्र मथुरा प्रसाद, घूरे (65) पुत्र हरिद्वार, इंद्र पता (34) पत्नी राम सोहरत, ज्योति(10) पुत्री राम गोपाल, प्रीती (14) पुत्री माधव निवासी मवला चौहटा खरगूपुर, ढेमना (62) पत्नी राम सुधार निवासी पकड़ी मरुडीह, जोखूराम (50) पुत्र राम समुझ निवासी पकड़ी मरुडीह, अंकित(14)पुत्र लल्लन, विकास (19) पुत्र मेहीलाल, बालकराम (40)पुत्र हरी राम, बलरामपुर जिले के तुलसीपुर निवासी कैलास गिरी (50) पुत्र राम रोशन घायल हो गए। खरगूपुर थाना क्षेत्र के मझरीता गांव के निवासी पिल्लू(80) पुत्र गुलाब गिरी, खरगूपुर थाना के गोसाई पुरवा निवासी घनश्याम पुत्र गया प्रसाद घायल हो गए। छेदीराम ने बताया कि बस में 60 लोग सवार थे। घायलों में अरविंद मौर्य , माधवराज, ढेमना, जोखूराम की हालत गम्भीर बनी हुई है। पिल्लूराम की हालत गंभीर बनी हुई। लखनऊ के लिए रेफर किया गया है।
नाले में गिरी डीसीएम, बाल-बाल बचे चालक, खलासी
परसपुर बेलसर मार्ग स्थित सिसई गांव के करीब बेलई पुल पर बुधवार की भोर में डीसीएम तकरीबन 20 फीट गहरे नाले में पलट गई डीसीएम में चालक व खलासी मौजूद थे। दोनों बड़ी मशक्कत के बाद मेन ग्लास तोड़कर बाहर निकले। दोनों को चोटें आई हैं। डीसीएम चालक ने बताया कि जालौन से मटर की फली लादकर नवाबगंज जा रहा था। वह जैसे ही पुल के करीब पहुंचा सामने से ट्रैक्टर आता दिखाई पड़ा घना कोहरा होने से ट्रैक्टर से जुड़ा ट्रॉला नजर नहीं आया। वह उसके करीब पहुंचा तो ट्रैक्टर ट्रॉला को बचाने के चक्कर में डीसीएम सहित गहरे खाईं में कूद गया।
कोहरे से ट्रेनों की चाल पर लगाम
अत्याधिक कोहरे के प्रकोप से ट्रेनों की चाल पर लग़ाम लगा दिया है। जिस कारण से एक दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने नियत समय से एक से सात घंटे विलंब से चल रही हैं। इससे यात्रियों को हलकान होना पड़ रहा है। बढ़ते हुए कोहरे के प्रकोप से बुधवार को ट्रेनों का स्पीड मे ब्रेक लगा दिया है। जिससे ट्रेन अपने नियत समय से घंटों विलंब से चल रही है। जिस कारण से यात्रियों को अत्याधिक ठंड और विलंबित ट्रेन होने से दोहरे मार झेलना पड़ रहा है।
कोहरे के प्रकोप से बुधवार को एक दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने नियत समय से घंटों विलंब से चली हैं। जिसमें गोरखपुर से लखनऊ वाया बस्ती होकर चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन एक घंटा विलंब, गोरखपुर से वाया बलरामपुर होकर ऐशबाग जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन दो घंटा लेट चली। गोरखधाम तीन घंटा, वैशाली तीन घंटा, आसनसोल से गोंडा आने वाली आसनसोल एक्सप्रेस पांच घंटा, बांद्रा से गोरखपुर जाने वाली अवध एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटा, एलटीटीई से गोरखपुर जाने वाली एलटीटीई एक्सप्रेस दो घंटा, चंपारण एक्सप्रेस ट्रेन सात घंटा, काठगोदाम एक्सप्रेस दो घंटा, देहरादून से गोरखपुर जाने वाली राप्ती गंगा एक्सप्रेस साढ़े चार घंटा, दिल्ली से रकसौल जाने वाली एक्सप्रेस तीन घंटा और सीतापुर पैसेजर डेढ़ घंटा विलंब से चली है। कोहरे के प्रकोप के कारण बरौनी से लखनऊ के बीच चलने वाली बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि ट्रेन का संचालन सुरक्षित हो, इसके लिए सारे ठोस कदम उठाए गए हैं। बताया कि कोहरे में सुरक्षित ट्रेन का संचालन हो इसके लिए सभी ट्रेनों के लोको (इंजनों) में सेफ्टी फाग डिवाइस सिस्टम लगा दिया गया है।