खरगूपुर। पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में सेवरहा गांव निवासी शराफत अली को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि रात 11 बजे गांव के ऊपर ड्रोन उड़ता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। लोगों को लगा कि कोई आपराधिक मंशा से गांव की टोह ले रहा है। सैकड़ों लोग घरों से निकल आए।
उपनिरीक्षक डोरीलाल गंगवार पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। पड़ताल के दौरान गांव निवासी शराफत अली के कब्जे से ड्रोन कैमरा और उसका रिमोट बरामद हुआ। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रंग-बिरंगे धागे से ग्रामीणों में दहशत
बेलसर। तरबगंज के ग्राम पंचायत गोपीपुर के डिडिसिया खुर्द गांव में रात के समय एक रहस्यमयी रंग-बिरंगा धागा मिलने से दहशत फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात आठ बजे एक चमकदार धागा दिखाई दिया, खींचने पर वह लगातार बढ़ता गया और गांव से बाहर बाग तक पहुंच गया, लेकिन समाप्त नहीं हुआ। मामले की सूचना यूपी 112 को दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच करके लौट गई। रात करीब सवा एक बजे उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव पुनः मौके पर पहुंचे और धागा साथ ले गए। कोतवाल कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि किसी की शरारत हो सकती है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह ने ग्रामीणों से संयम बनाए रखने की अपील की है।