फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: तहसील की तीसरी मंजिल पर चढ़ी महिला, मचा हड़कंप

Mon, 24 Mar 2025 11:49 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
तरबगंज तहसील भवन पर पैर लटकाकर बैठी महिला। -संवाद
विज्ञापन
तरबगंज (गोंडा)। नवाबगंज के हरिवंशपुर निवासी पार्वती देवी ने सोमवार दोपहर तरबगंज तहसील भवन की तीसरी मंजिल पर चढ़कर वहां से कूदने की धमकी दी। इससे तहसील प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। तहसील कर्मचारियों के समझाने पर पार्वती नहीं मानीं तो एसडीएम ने उन्हें समझाया। इसके बाद वह नीचे उतरीं। उनका आरोप था कि बिना उन्हें सुने हदबरारी का आदेश दे दिया गया।
विज्ञापन

सोमवार सुबह करीब 10 बजे राजस्व टीम हदबरारी का आदेश लेकर हरिवंशपुर गांव में सीमांकन के लिए गई थी। इसके बाद गांव निवासी बजरंगी की पत्नी पार्वती तरबगंज तहसील की तीसरी मंजिल पर चढ़ गईं। वह रेलिंग पर बैठ गईं और पैर नीचे लटकाकर जान देने की धमकी देने लगीं। इस दौरान तमाशबीनों की भीड़ एकत्र हो गई। आनन-फानन तहसील के कर्मचारी निकलकर बाहर आ गए, लेकिन तमाम मान मनौवल के बाद भी पार्वती नीचे नहीं उतरीं। वह एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना को बुलाने पर अड़ी रहीं। करीब आधे घंटे के बाद एसडीएम पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर वह नीचे उतरीं। पार्वती का आरोप है कि उन्हें सुने बिना ही एसडीएम कोर्ट से दूसरे पक्ष को हदबरारी का आदेश दे दिया गया व सीमांकन के लिए टीम भी भेज दी गई। सीमांकन के लिए सोमवार को पहुंची टीम के सामने दूसरे पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर से खेत में लगी फसल को जाेतवा दिया और कब्जा करने लगे। एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया। उनकी समस्याएं पूछी गई हैं। उनसे प्रार्थनापत्र देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
वायरल हुआ वीडियो तो हरकत में आए अधिकारी
महिला के तहसील बिल्डिंग पर चढ़ने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिले के अधिकारियों ने संज्ञान लिया तो मौके पर पुलिस पहुंची। राजस्व निरीक्षक जावेद अख्तर ने बताया कि सीमांकन के बाद किसी फसल की जोताई नहीं की गई है। महिला के लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। कोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराया है। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि नियमानुसार जरूरी कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें