गोंडा। अयोध्या मार्ग पर वजीरगंज में अनभुला गांव के पास रविवार को हुए सड़क हादसे की जांच तीन सदस्यीय कमेटी करेगी। इस हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हुई थी।
आवास विकास कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी प्रमोद गुप्ता के बेटे व एलआईसी में लिपिक नितिन गुप्ता की चार दिसंबर को शादी थी।रविवार सुबह नितिन अपनी बहन नेहा, बहनोई अक्षत, उनकी मां नीता और अपने मौसेरे भाई विवेक अग्रवाल उर्फ आशु को ब्रेजा कार से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचाने जा रहे थे। वजीरगंज के अनभुला के पास कार की उत्तराखंड रोडवेज की बस से टक्कर हो गई थी। हादसे में अक्षत, उनकी मां नीता और आशु की मौत हो गई थी। नेहा व नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
एआरटीओ रामचंद्र भारतीय ने रविवार देर शाम मौके पर पहुंचकर छानबीन की। उन्होंने बताया कि बस अपनी पटरी पर थी। कार दाहिनी तरफ जाकर उससे टकराई थी। कार के दो एयरबैग खुले मिले।
एआरटीओ ने बताया कि हादसे की जांच के लिए डीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी में सीओ यातायात राजेश सिंह, पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के एक्सईएन प्रमोद कुमार त्रिपाठी व संभागीय प्राविधिक निरीक्षक बृजेश कुमार को शामिल किया गया है। सभी पहलुओं पर गहन जांच करके रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।