कटरा बाजार के सेल्हरी कुशहा गांव में बीते छह अक्तूबर को युवती की हत्या कर बोरे में शव फेंकने के मामले की जांच तेज हो गई है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कटरा बाजार के थाना प्रभारी संजय गुप्ता को हटाने के बाद एसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए चार इंस्पेक्टर, 10 उपनिरीक्षक समेत 40 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की है।
एसपी विनीत जायसवाल ने कटरा बाजार के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता को लाइन हाजिर करने के बाद अज्ञात युवती की हत्या के खुलासे के लिए अनुभवी प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को मृतका की शिनाख्त, हत्यारों की गिरफ्तारी समेत घटना के पीछे कारणों का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी है। तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता को भी सहयोग के लिए लगाया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल ने खुलासे के लिए दो टीमें बनाई हैं। एसओजी के अलावा स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों को लगाया गया। इसमें कटरा बाजार प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता, अरविंद सिंह व रमाशंकर राय के साथ ही 10 उपनिरीक्षक समेत 40 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग समेत जगह-जगह युवती की शिनाख्त के लिए पोस्टर लगाए गए हैं। वहीं, ई रिक्शा के माध्यम से एनाउंसमेंट कराया जा रहा है। ताकि घटना के बारे में लोगों को जानकारी हो सके। पुलिस टीम के साथ ही सेल्हरी कुशहा गांव में मौके का जायजा लिया गया।
प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि स्टेट क्राइम ब्यूरो के साथ ही आठ जिलों में पुलिस टीम जाकर लापता युवतियों का ब्योरा जुटा रही है। जिसके आधार पर मृतका की पहचान की कोशिश की जा रही है। युवती की पहचान बताने वाले व्यक्ति को पुलिस इनाम देने का ऐलान कर सकती है।