गोंडा। कोतवाली करनैलगंज के अंतर्गत विरतिहन पुरवा गांव के पास स्थित कटरा ढर्रा बाग का इलाका मंगलवार देर रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट व पुलिस सायरन की आवाज से गूंज उठा।
गोलियों की आवाज से पास के गांव वाले किसी अनहोनी के डर से घरों में दुबक गए। मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी और पुलिस ने 25 हजार के इनामी दो बदमाशों को मौके से पकड़ा। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से कोतवाल भी घायल हुए।
करनैलगंज कोतवाल संतोष कुमार सिंह को सूचना मिली कि कुछ गोवंश तस्कर अपने साथियों के साथ विरतिहन पुरवा गांव के पास कटरा ढर्रा बाग में गोवंश का वध करने की योजना को अंजाम देने वाले है।
इसके बाद बिना समय गंवाये कोतवाल गश्त पर निकली दूसरी मोबाइल टीम को लेकर मौके पर जा पहुंचे। घेरे जाने की भनक लगते ही बाग में एकत्रित बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभाल कर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल 14 राउंड फायरिंग हुई। इसमें बदमाशों ने 9 व पुलिस की तरफ से 5 फायर हुई। इस दौरान कोतवाल संतोष कुमार सिंह व एक बदमाश सुकई उर्फ शहाबुददीन निवासी भोंका के पैर में गोली लग गयी।
भागने का प्रयास कर रहे दूसरे बदमाश शाहरुख निवासी कस्बा करनैलगंज को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ा जबकि दो अन्य बदमाश मौके से भाग निकलने में सफल रहे।
इस दौरान पुलिस मोबाइल का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। कोतवाल के घायल होने व मुठभेड़ की घटना की सूचना वायरलेस पर प्रसारित होने के बाद परसपुर, कटरा बाजार, कौड़िया व करनैलगंज थानों की पुलिस व पीआरवी के वाहन मौके पर जा पहुंचे।
घायल कोतवाल व पकड़े गये गौ तस्कर को सीएचसी करनैलगंज लाया गया जहां दोनों का प्राथमिक इलाज कर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। घटना स्थल से पुलिस ने गौवध में प्रयोग होने वाले औजार, दो गौवंश, अवैध तंमचे व कारतूस बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। कोतवाली करनैलगंज व एसओजी टीम को इस कार्य के लिए 25 हजार का पुरस्कार दिया गया है।