गोंडा। भीषण गर्मी उमस के साथ बिजली कटौती ने बुधवार को लोगों को परेशान किया। पारा 38 डिग्री रहा। बिजली ट्रिपिंग की समस्या शाम तक बरकरार रही। तीन दिन से लगातार उमस भरी भीषण गर्मी पड़ रही है।
मंगलवार की रात में बेहद ज्यादा उमस रही। इस बीच शहर के अधिकांश मोहल्लों में अघोषित बिजली कटौती चलती रही। ओवरलोडिंग के चलते कई जगह फॉल्ट हुए। कहीं एक घंटे तो कहीं इससे ज्यादा देर तक बिजली गुल रही। कई बार ट्रिपिंग हुई।
लोगों का रात काटना मुश्किल हो गया। सुबह के समय अधिकांश लोग घरों के बाहर और खुले स्थानों पर बैठे नजर आए बुधवार को सुबह से ही गर्मी और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। शहर के मोहल्ला सिविल लाइन, जानकीनगर, पटेलनगर, गायत्रीपुरम कालोनी, निहालपुरवा आदि मोहल्ले में समस्या अधिक रही।
वजीरगंज कस्बे में बीते चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। दिन तो लोग पसीना पोंछते काट लेते हैं लेकिन रात बिताना मुश्किल हो गया है। बंदरों के आतंक से रात में छतों पर लेटना सम्भव नहीं है। बंदर झुंडों में पूरी रात छतों पर ऊधम मचाए रहते हैं।
लोगों को सारी रात बंद कमरों के अंदर काटनी पड़ रही है। कस्बेे का ट्रांसफार्मर रविवार की दोपहर में जल गया था। सोमवार को जनपद मुख्यालय मरम्मत के लिए भेजा गया तथा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सोमवार शाम को एक पुराना ट्रांसफार्मर गोंडा से लाकर लगाया गया।
लेकिन आधे घंटे में ही खराब हो गया। जेई अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कस्बे के ट्रांसफार्मर की जनपद मुख्यालय के वर्कशाप में मरम्मत हो रही है। बुद्धवार की शाम तक आने की संभावना है। उसे रात भर चार्ज किया जाएगा। सब कुछ ठीक -ठाक रहा तो गुरुवार से आपूर्ति बहाल हो सकती है।
विद्युत उपकेंद्र, धानेपुर से धानेपुर कस्बे में जर्जर तारों के साथ बिजली सप्लाई दी जा रही। जुगाड़ के सहारे के लोगों की छतों के बगल से जाने वाले जर्जर तार किसी भी समय बड़ हादसे का कारण बन सकते हैं। वहीं भीषण उमस और गर्मी में परेशान लोगों को बिजली न मिलने से भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है ।
धानेपुर उपकेंद्र से आपूर्ति प्राप्त करने वाले लगभग 16,000 उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को आपूर्ति देने वाले बिजली के तार बहुत पुराने और जर्जर होने के कारण हर दम टूट कर गिरते रहते हैं।
कर्मचारियों ने लटकते-झूलते इन तारों को जगह-जगह लकड़ी की फंटियां बांधकर रोकने का प्रयास किया है। सभी प्रयास विफल जा रहे। मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने हाल में बदहाल विद्युत आपूर्ति की समस्या से निपटने के लिए विद्युत उपकेंद्र धानेपुर पर जाकर अधीक्षण अभियंता को आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जेई अजय कुमार और उप खंड अधिकारी धानेपुर प्रमोद वर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इन जर्जर तारों को बदलने के लिए पहले ही स्टीमेट शासन को भेजा गया है। अभी तक न तो स्वीकृति प्राप्त हुई है और न धन ही आवंटित हुआ है