करनैलगंज(गोंडा)। मानसिक रूप से बीमार एक अधेड़ व्यक्ति ने सोमवार को बेटे के रोकते रोकते सरयू नदी में पुल से छलांग लगा दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नदी से उसके शव की तलाश शुरू कराई है। मामला नगर के मोहल्ला सकरौरा पूर्वी नई बस्ती का है।
सोमवार की शाम को सकरौरा नगर के निवासी जगदीश प्रसाद (50)अपने घर से भागते हुये निकले। उनका पीछा करते हुये उसका पुत्र राकेश सहित परिवार के अन्य लोग भी निकले। मगर वह उनसे बचते हुये सरयू पुल कटरा घाट पहुंच गये। जब तक उनके बेटे ने रोकने का प्रयास किया तबतक जगदीश ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर जगदीश की तलाश कर रही है। कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि जगदीश प्रसाद अर्धविक्षिप्त थे। परिवार के लोग एक वर्ष से उनका दवा इलाज कराते हुये उनका पूरा ख्याल रख रहे थे। सोमवार की शाम वह अचानक घर से निकले जिनका पीछा घर वाले कर रहे थे। मगर वह कटरा घाट पहुंचे और नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि गोताखोरों को बुलाकर तलाश कराई जा रही है।