गोंडा। जिले के एक परिषदीय पीएमश्री (प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) विद्यालय में पांच लाख रुपये की लागत से मैथ्स-साइंस गार्डन विकसित किया जाएगा। इसमें गणित और विज्ञान से जुड़े मॉडल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की अवधारणाएं प्रयोग और गतिविधियों के जरिये समझाई जाएंगी। आसपास के अन्य परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी गार्डन का शैक्षणिक भ्रमण कर सकेंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बीएसए को चयनित पीएमश्री विद्यालय में मैथ्स-साइंस गार्डन विकसित कराने के निर्देश दिए हैं। गार्डन में ड्रोन, सोलर सिस्टम मॉडल, ट्रैफिक टावर ट्री, डायरेक्शन टावर ट्री, डिस्टेंस मीटर मॉडल, एसएसएलवी और एआर सोलर सिस्टम चार्ट समेत कई मॉडल लगाए जाएंगे। इनकी मदद से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सिद्धांतों और गणितीय अवधारणाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को मॉडल और प्रयोगों से जोड़ने से विद्यार्थियों को अवधारणाओं को आसानी से समझने का अवसर मिलेगा। गार्डन का उपयोग आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए भी किया जाएगा।
मैथ्स-साइंस गार्डन के लिए विद्यालय का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। इसमें मुख्य विकास अधिकारी सदस्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य-सचिव, विज्ञान विषय के प्राध्यापक और जनपद स्तर के किसी तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थान के तकनीकी विशेषज्ञ सदस्य होंगे।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि गार्डन का लाभ चयनित विद्यालय के साथ आसपास के अन्य परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। इसके लिए बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा।