महिला अस्पताल में तीमारदारों की भीड़ देखकर नाराजगी जतातीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष। -संवाद
गोंडा। धर्मांतरण के लिहाज से गोंडा सहित पूर्वांचल के 12 से 15 जिले बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं। यहां शिक्षा का अभाव व आर्थिक तंगी के कारण धर्म परिवर्तन आसानी से कराया गया है। इसकी शिकायत भी पुलिस तक नहीं पहुंच सकी। छांगुर बाबा के रूप में धर्मांतरण का मगरमच्छ पकड़ा जा चुका है। अभी जो छोटी-छोटी मछलियां हैं, वो भी जल्द ही जाल में आएंगी। ये बातें बृहस्पतिवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने कहीं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में है।
अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बेटियों की सुरक्षा के लिए मास्टर प्लान तैयार किया। डॉ. बबिता ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों व महिलाओं के कार्यक्षेत्र में चौपाल लगाकर उन्हें जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में हर अपराधी को सजा मिल रही है। महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन व स्वाभिमान के लिए महिला आयोग जमीन स्तर पर कार्य कर रहा है।
डॉ. बबिता ने सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं से संबंधी योजनाओं व महिलाओं अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने जिला कारागार व चारू ग्रामीण विकास समिति ओर से संचालित बालिका बालगृह का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, एएसपी पूर्वी मनोज रावत, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक अनीता यादव, वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी चेतना सिंह, ज्योत्सना सिंह, दीपशिखा आदि मौजूद रहीं।
तीमारदारों के लिए जारी किया जाए पास
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों से बात की। अस्पताल में तीमारदारों की भीड़ देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इतनी भीड़ में इंफेक्शन की संभावना रहती है। तीमारदारों के लिए पास जारी करिए। एक मरीज के साथ एक ही तीमारदार को इंट्री दी जाए। अस्पताल में मातृ वंदना योजना व कन्या सुमंगला योजना का पंजीकरण फाॅर्म न मिलने पर उन्होंने सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा व महिला अस्पताल के सीएमएस डॉॅ देवेंद्र सिंह को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि बालिकाओं की विभिन्न योजनाओं का पंजीकरण जन्म के समय ही हो जाना चाहिए। प्रसूता को इधर-उधर भटकना पड़ा तो ठीक नहीं होगा। आयोग की अध्यक्ष ने केक काटकर 21 नवजात बेटियों का जन्मोत्सव मनाया। उनकी माताओं को उपहार दिया गया।
इंस्टा पर अश्लील फोटो लगा ब्लैकमेल कर रहा शोहदा
गोंडा। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान के सामने बृहस्पतिवार को पीड़िताओं का दर्द छलक पड़ा। इटियाथोक के एक गांव की किशोरी ने प्रार्थनापत्र देकर कहा कि मैडम! गांव का एक शोहदा एक साल से अश्लील हरकत करते हुए परेशान कर रहा है। इंस्टाग्राम पर हमारे नाम से आईडी बनाकर अश्लील डीपी लगाता और अश्लील मैसेज करता है। अश्लील फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करता है। कई बार पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आयोग की अध्यक्ष ने महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक अनीता यादव को मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। नंदौर निवासी मीसा सिंह ने बताया कि उनके पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने पति के बीमा का पैसा व जेवर ले लिए। ससुराल वाले आए दिन प्रताड़ित करते हैं। इसी प्रकार तीन महिलाओं ने अपना दर्द सुनाकर प्रार्थनापत्र दिया। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को पीड़िताओं की समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। (संवाद)