बालपुर (गोंडा)। दिल्ली से घर लौट रहे करनैलगंज के परसा गोड़री गुरुपुरवा निवासी फल व्यवसायी विजय शंकर ओझा (28) बुधवार देर रात बहराइच में जरवल रोड फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल विजय शंकर को बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मृतक के पिता पवन कुमार ओझा ने बताया कि उनके पुत्र विजय शंकर दिल्ली की आजादपुर मंडी में फल का व्यवसाय करते थे। बुधवार को वह दिल्ली से लखनऊ पहुंचे। वहां से बहराइच की बस से घर आ रहे थे। रात करीब एक बजे बहराइच में जरवल रोड फ्लाईओवर के पास वह बस से उतरकर घर आने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। विजय के पास से मिले आधार कार्ड से पहचान कर पुलिसकर्मियों ने करनैलगंज पुलिस के जरिए परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन बहराइच रवाना हो गए। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
पिता ने दी मुखाग्नि
पवन के तीन बेटों में विजय मंझले थे। बड़े बेटे लाल ओझा व छोटे मन्नू हैं। विजय की मौत से पिता पवन, मां शीला, पत्नी अंतिमा व दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता पवन ने गांव के समीप अंत्येष्टि स्थल पर बेटे को मुखाग्नि दी तो गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।