इटियाथोक के हर्रैया झूमन गांव के पास मुठभेड़ में घायल आरोपी को ले जाते पुलिसकर्मी। स्रोत: पुलि
गोंडा। इटियाथोक थाने में तैनात मुख्य आरक्षी की चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल से फर्राटा भर रहे दो बदमाशों को हर्रैया झूमन गांव के पास सोमवार देर शाम पुलिस टीम ने घेर लिया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश मनीष तिवारी निवासी ख्वाजाजोत थाना धानेपुर घायल हो गया। उसके साथी सुनील कुमार भारती निवासी पैकोरा थाना मोतीगंज को पुलिस ने दौड़कर पकड़ लिया।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि इटियाथोक थाने के मुख्य आरक्षी राघवेंद्र प्रताप शाही स्थानीय बाजार में किराये के मकान में रहते हैं। 19 अगस्त को घर के बाहर उनकी बुलेट चोरी हो गई थी। मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। सोमवार देर शाम इटियाथोक थानाध्यक्ष कृष्णगोपाल राय को सूचना मिली कि चोरी करने वाले दो बदमाश लालापुरवा से हर्रैया झूमन वाली सड़क पर बुलेट से जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने उपनिरीक्षक राजेंद्र कनौजिया, अविनाश विद्यार्थी, कृष्णानंद पांडेय व हमराहियों के साथ हर्रैया झूमन के पास घेराबंदी की।
एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश मनीष तिवारी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इससे दोनों बदमाश बुलेट समेत गिर गए। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मनीष को पुलिस कस्टडी में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि बदमाशों के पास से चोरी की बुलेट, 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ है।
एसपी ने बताया कि दोनों बदमाशों पर प्रयागराज के नैनी, अयोध्या कोतवाली, इनायतनगर थाने में चोरी, गोंडा के धानेपुर में छिनैती, कोतवाली नगर में चोरी व जालसाजी, आयुध अधिनियम, देहात कोतवाली में चोरी व कानपुर नगर के कलेक्टरगंज में छिनैती के साथ ही बलरामपुर के रेहरा बाजार थाने में चोरी के केस दर्ज हैं।