गोंडा। मंडलायुक्त के निरीक्षण में जिला महिला अस्पताल में मिलीं खामियों और अवैध वसूली की चल रही मजिस्ट्रेटी जांच के तहत मंगलवार को डॉक्टर ललिता तिग्गा एसडीएम के समक्ष अपना बयान दर्ज कराएंगी। आरोप है कि मंडलायुक्त के निरीक्षण में अस्पताल के भीतर तैनात डॉक्टरों के मरीजों का इलाज न करने, दवाइयों सहित अल्ट्रासाउंड इत्यादि की बाहर से कराए जाने समेत डॉक्टर व स्टाफ नर्स की अवैध वसूली की कई शिकायतें मिलीं थी। इस पर मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए थे।
महिला अस्पताल में अवैध वसूली के मामले की जांच एसडीएम डॉ. चतुर्भुजी गुप्त कर रहे हैं। जिन्होंने महिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर ललिता तिग्गा को नोटिस भेजकर उन्हें मंगलवार को अपना बयान दर्ज कराने और स्टाफ नर्स जे वालर को भी साथ में लेकर आने को कहा है। ताकि उनका भी बयान दर्ज किया जा सके। उधर, एसडीएम ने सेमरा कॉलोनी निवासी रेखा पांडेय पत्नी वासुदेव पांडेय, गुड्डू तिवारी निवासी विसवा गणेशपुर थाना कोतवाली देहात, अवधेश सिंह निवासी वीरपुर विसेन दर्जीकुआं को भी शिकायत के संबंध में मंगलवार को अपने कार्यालय में तलब किया है।