दुबहाबाजार (गोंडा)। जिला पंचायत सदस्य के घर के सामने निर्माणाधीन दुकान में मंगलवार की सुबह ताबड़तोड़ तीन बम धमाके हुए। इन धमाकों से दीवारें दरक गईं और प्लास्टर भी टूटकर बिखर गया। अचानक हुए बम धमाकों से लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य के बेटे ने एक नामजद व दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना कौड़िया में धमकी और आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दुबहा बाजार के जिला पंचायत सदस्य कप्तान सिंह ने बताया कि सोमवार की रात वह परिवारीजनों के साथ घर में सो रहे थे। मंगलवार की भोर करीब चार बजे घर के सामने उनकी निर्माणाधीन दुकान में ताबड़तोड़ तीन बम धमाके हुए। अचानक हुए बम धमाकों से पूरा परिवार सहम गया। इन धमाकों से दुकान की दीवारें दरक गईं और प्लास्टर भी टूटकर बिखर गया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के घरों के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। कप्तान सिंह ने बताया कि धमाके होने से दुकान और पूरे घर में धुआं भर गया। इसी का फायदा उठाकर बम फेंकने वाले तीन लोग मोटरसाइकिल से भाग निकले। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस को मौके से बम बांधने वाली सुतली बरामद हुई है, जबकि टिन, लोहा व बारूद आसपास कहीं भी नहीं पाया गया। इसको लेकर लोगों में चर्चा है कि बम कप्तान सिंह के परिवारीजनों को नुकसान पहुंचाने के लिए फेंके गए या फिर दहशत फैलाने के लिए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बरामद सुतली को जांच के लिए फैजाबाद भेजा गया है। जिला पंचायत सदस्य कप्तान सिंह के बेटे दिनेश सिंह ने थाना कौड़िया में पूरेनिधि गांव निवासी दान बहादुर सिंह व दो अन्य अज्ञात के खिलाफ धमकी और आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष इकरार अहमद ने बताया की दिनेश की तहरीर पर मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है।