बलरामपुर। वित्तविहीन स्कूलों के संचालन में शासन व प्रशासन सहयोग के बजाय रोड़ा डाल रहे हैं। वित्तविहीन स्कूलों को अपने हक की लड़ाई के लिए एकजुट होकर संघर्ष का बिगुल बजाना होगा।
ये बातें वित्तविहीन स्कूल प्रबंधक संघ के जिला प्रभारी मोहनलाल मिश्र ने रविवार को नगर के एक होटल में आयोजित बैठक में कही। कहा कि ब्लॉक स्तर की गठित कमेटी को हर स्तर पर हमेशा तैयार रहना होगा जिससे जिला स्तर पर उत्पन्न परेशानियों को तत्काल निपटाया जा सके। जिला सह प्रभारी राजकुमार ने सदस्यता अभियान चलाने की मांग करते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया। संगठन संरक्षक सत्यनाथ ने सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन का सक्रिय करने का आह्वान किया। भारत भूषण त्रिपाठी, हरीश चंद्र त्रिपाठी, टीएन पांडेय, जयशंकर प्रसाद आदि ने आम सहमति के आधार पर लगातार बैठकें आयोजित करने पर बल दिया। बैठक में आम सहमति से यह निर्णय लिया गया कि 17 जनवरी को श्रीदत्तगंज, 19 जनवरी को तुलसीपुर, 28 जनवरी को बलरामपुर तथा दो फरवरी को पचपेड़वा में बैठके आयोजित की जाएंगी।