बलरामपुर। प्रेमी की मौत के बाद मंगलवार को प्रेमिका का शव भी राप्ती नदी से बरामद हो गया। कुछ सबूतों के आधार पर पुलिस को इसमें सफलता मिली। फिलहाल, देर शाम तक प्रेमिका के परिजनों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
बता दें कि रविवार को गौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियरिया गांव में घर से भागे प्रेमी युगल को पुलिस ने पकड़कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया था। पुलिस ने दोनों के परिजनों के बीच थाने में पंचायत भी कराई, लेकिन बात नहीं बन सकी। सोमवार दोपहर प्रेमिका तथा उसके परिजन लापता हो गए। पुलिस इनकी तलाश कर ही रही थी कि इसी बीच देर शाम प्रेमी अमन ने रजवापुर गांव में अपनी चचेरी मौसी के घर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने अमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार सुबह पुलिस ने सबूतों के आधार पर राप्ती नदी में प्रेमिका का शव फेंके जाने की आशंका जताते हुए गोताखोर बुलाए और तलाश की। मौके पर गौरा थाना, एसओजी टीम के साथ ही बलरामपुर देहात थाने की पुलिस भी मौजूद रही। देर शाम प्रेमिका नंदिनी पुत्री किशोरी लाल कश्यप का शव नदी में मिला। सीओ श्रीश्चन्द ने बताया कि नदी के किनारे कुछ लोेगों के पदचिह्न, प्लास्टिक की दो रस्सी मिलीं थी। इसके अलावा गीली मिट्टी पर बोरी घसीटने के निशान भी मिले थे। ये सारे साक्ष्य मिलने से आशंका प्रबल हो गई थी कि प्रेमिका की मौत के बाद परिजनों ने उसका शव नदी में फेंका है। वहीं, देर रात तक प्रेमिका के पिता का कोई पता नहीं चल सका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। परिजनों की तलाश जारी है।