गोंडा। जननी सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं के बाबत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों से ब्यौरे के साथ ही मांगपत्र तलब किया गया है। इसके आधार पर विभिन्न योजनाओं में धनराशि भेजी जानी है।
सीएमओ डॉ. ओम प्रकाश ने जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस के साथ ही सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा अधीक्षक/ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्हाेंने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों से जननी सुरक्षा योजना के तहत 1 अप्रैल 2012 से 31 अक्तूबर 2012 तक वास्तविक आवश्यक धनराशि का मांगपत्र मांगा गया है। साथ ही इस आशय का प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने को कहा गया है कि अवशेष अन्य सभी लाभार्थियों का भुगतान किया जा चुका है और जिन लाभार्थियों को धनराशि का भुगतान किया गया है, उन सभी का सत्यापन कर लिया गया है। साथ ही जेएसवाई के तहत आशाओं के भुगतान के लिए बैंक एडवाइज की फोटोकापी, प्रशासनिक व्यय का विवरण, जेएसवाई में अब तक मिली धनराशि, नसबंदी कार्यक्रम का पूरा विवरण सहित अन्य विवरण मांगा गया है। सीएमओ ने बताया कि यह विवरण अभिलेखों को दुरुस्त रखने के लिए तलब किए गए हैं।