गोंडा। छिटनापुर गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार देर रात छह से अधिक बदमाशों ने किराना व्यापारी के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने किराना व्यापारी व उसकी पत्नी को पीटा और 40 हजार नगदी व दो लाख के जेवर लूट ले गए। घायलों को शहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बालपुर-कटरा बाजार मार्ग पर छिटनापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रहलाद मिश्रा की, घर में ही किराने की दुकान है। सोमवार देर रात छह से अधिक बदमाश पिकअप से आए और आंगन की दीवार फांदकर प्रहलाद के घर में घुस गए। बदमाशों ने लूटपाट की। प्रहलाद ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई की। पति को पिटता देख पत्नी मीना ने भी विरोध किया तो बदमाशों ने उसे भी जमकर पीटा। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो बदमाश फरार हो गए। दंपती को शहर के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रहलाद ने बताया कि बदमाश 40 हजार रुपये नकद व दो लाख के जेवर लूट ले गए। थानाध्यक्ष कटरा बाजार वीरेन्द्र प्रताप यादव का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।