दूसरे चरण का चुनाव कराने के लिए सोमवार को 531 पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थलों के लिए रवाना कर दी गई हैं। एक दिसंबर को तुलसीपुर व हरैया सतघरवा ब्लॉकों में 211 ग्राम प्रधान व 2681 सदस्य सीटों पर चुनाव कराएंगी। पोलिंग पार्टी में शामिल न होने वाले 73 मतदान कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत केस दर्ज कराने का निर्देश आरओ को दिया गया है।
प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक व सीडीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को तुलसीपुर ब्लॉक में पीडी वीरेन्द्र कुमार यादव, परियोजना अर्थशास्त्री बीके श्रीवास्तव व आरओ मनमोहन शर्मा ने मंडी समिति से 255 पोलिंग पार्टियों को बस्ता देकर ग्राम प्रधान के 101 व सदस्यों के 1301 सीटों पर चुनाव कराने के लिए रवाना कर दिया है।
हरैया सतघरवा ब्लॉक में जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डीडी सिंह, एईडीआरडीए सीपी सिंह व आरओ डॉ. एसके शुक्ला ने रामलाल मोहनलाल इंटर कॉलेज शिवपुरा से 276 पोलिंग पार्टियों को बस्ता देकर ग्राम प्रधान के 110 व सदस्यों के 1380 सीटों पर चुनाव कराने के लिए भेजा है।
तुलसीपुर ब्लॉक में पीठासीन पांच, प्रथम नौ, द्वितीय आठ व तृतीय छह और हरैया सतघरवा ब्लॉक में पीठासीन सात, प्रथम 15, द्वितीय 14 व तृतीय नौ मतदान कार्मिक बिना सूचना के नदारद रहे।
दोनों ब्लॉकों के आरओ को चुनाव ड्यूटी से नदारद मतदान कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।
संबंधित विभागों के अफसरों से वेतन रोकने की सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। सीडीओ ने केस दर्ज कराने व वेतन रोकने में लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।