मसकनवा (गोंडा)। बस्ती से गोंडा आने वाली मेन लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण मसकनवा व घारीघाट विद्युत उपकेंद्र पर करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान बिजली न मिलने से करीब तीन लाख लोग परेशान रहे। मसकनवा उपकेंद्र के एसएसओ दीपक पांडेय ने बताया कि बुधवार की रात 7.55 बजे बस्ती-गोंडा मेन लाइन में तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी।
बताया गया कि तकनीकी खराबी के कारण मसकनवा के छपिया, भोपतपुर, गौराचौकी, बगदर, मसकनवा फीडर सहित घारीघाट विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आपूर्ति बाधित होने से मसकनवा, खालेगांव, शीतलगंज, फुटहिया, माङा ,परसा, चुवाड़, बभनान, हथियागढ, नरायनपुर, पतिजिया, तेजपुर, गोपालपुर, बीरापुर, उजागरपुर, हथनी, चांदनी चौक, महमूदपुर, छपिया, बभनजोतिया, दौलतपुर, बहिराडीहा सहित विकास खंड छपिया बभनजोत व विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई।
बिजली न मिलने से लगभग तीन लाख लोगों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा। गुरुवार की सुबह 6.20 बजे आपूर्ति पुन: चालू की गई, जिसे मात्र दस मिनट बाद ही बंद कर दिया गया। मसकनवा उपकेंद्र पर सुबह 10.20 बजे आपूर्ति बहाल की गई, जिसे दो घंटे बाद काट दिया गया। एसएसओ ने बताया कि मनकापुर 132 केवीए में तकनीकी खराबी के कारण दो दो घंटे हर फीडर पर बिजली की सप्लाई की जा रही है।
इस बारे में जानकारी लेने के लिए अवर अभियंता मसकनवा व घारीघाट का फोन मिलाने पर उनका नंबर संपर्क से बाहर बताता रहा। एसडीओ मनकापुर एके कुशवाहा ने बताया कि बस्ती-गोंडा मेन लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। मनकापुर 132 केवीए लाइन में तकनीकी खराबी के चलते भी बिजली आपूर्ति में समस्या हो रही है। क्षेत्र में लचर बिजली आपूर्ति व आए दिन मेन लाइन में खराबी व लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं।